बिजली लाइनें टूटने और ट्रांसफार्मर खराब होने से ठप हुई विद्युत आपूर्ति
जिले में 13 जुलाई तक भारी बारिश से नदी नालों में बाढ़ की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में हो रही लगातार बारिश ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। बुधवार रात और वीरवार को जिले के कई इलाकों में हुई बारिश से हुए भूस्खलन के कारण 13 सड़कें बंद हो गई हैं। वहीं, बिजली की लाइनें टूटने और 20 ट्रांसफार्मर जाम होने से मलाणा गांव सहित 25 गांवों में अंधेरा पसर गया है।
जानकारी के अनुसार भूस्खलन के कारण जिले के बाह्य सराज में छह की जगह दस सड़कें बंद हो गई हैं। बंजार में भी तीन सड़कों पर बसों के साथ अन्य वाहनों की आवाजाही रुक गई है और ग्रामीण जरूरी कामकाज के लिए पैदल चलने को मजबूर है। वहीं बंजार में बाहू और सैंज में नौ और कुल्लू के मलाणा, जरी व रशोल में 11 बिजली के ट्रांसफर्मर के बंद होने से ब्लैक आउट हो गया है।
वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने जिला कुल्लू में फिर से भारी बारिश व नदी नालों में बाढ़ आने की संभावना जताई है। बारिश से कृषि-बागवानी का काम भी प्रभावित हो रहा है। इन दिनों जिले में नाशपाती के साथ टमाटर, गोभी, मटर सहित कई अन्य फसलों को निकालने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। मगर बरसात की बारिश से सड़कों के बंद होने से तुड़ान प्रभावित हो रहा और किसान-बागवानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि 13 जुलाई तक भारी बारिश होने से नदी नालों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। उन्होंने सुरक्षा को देखते हुए सैलानियों के साथ जिला के लोगों को नदी नालों से दूर रहने को कहा है।