अधिकारियों को दिए निर्देश, कार्य का निरीक्षण
बोलीं, धनराशि को तय समय में खर्च करें
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। विधायक लाहौल-स्पीति अनुराधा राणा इन दिनों जिला के दौरे पर हैं। वीरवार को उन्होंने जुंडा में लोेगों की समस्याएं सुनीं। विधायक को जुंडा, तलजोन गांव के लोगों ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई कूहलों को दुरुस्त करने व सिंचाई कूहल को जलशक्ति विभाग के अधीन करने की मांग की। ओथंग, यंगथंग, तिवोक, लोमच गांव के लोगों ने भी सिंचाई योजना को लेकर विधायक के समक्ष अपनी समस्या रखी। चेवर, बारिंग और शैलिंग के लोगों ने पानी की किल्लत के चलते मटर व घास सहित अन्य फसलें सूखे की चपेट में आने की समस्या से अवगत करवाया। जिस पर विधायक ने राजस्व विभाग को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए।विधायक अनुराधा राणा ने मूरिंग, दंदक, चेंबक, कमरिंग और थिरोट में लोगों की समस्याओं को सुना। इससे पूर्व उन्होंने कोठी, रापड़िंग नहर में करवाए गए कार्य का भी निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि पंचायतों, गांवों में विकास कार्यों के लिए दी गई धनराशि को तय समय के अंदर खर्च करें। इस दौरान जिप सदस्य छेजंग डोलमा, बीडीओ डाॅ विवेक गुलेरिया, जलशक्ति विभाग सहायक अभियंता जसवीर सिंह चंदेल, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता रजत आदि मौजूद रहे।
बॉक्स
आदर्श स्कूल जाहलमा का निरीक्षण किया
विधायक अनुराधा राणा ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाहलमा का औचक निरीक्षण किया। विधायक ने बच्चों से उनकी पढ़ाई को लेकर जानकारी ली और बच्चों को खूब मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विधायक ने जाहलमा स्कूल छात्रावास का भी निरीक्षण किया। छात्रावास में गंदगी देख विधायक काफी नाराज दिखी। उन्होंने सफाई व्यवस्था उचित रखने के दिशानिर्देश भी दिए।