पीएचडी ने पर्यटन विकास समिति के सदस्यों से किया विचार-विमर्श
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की कोकसर पंचायत में पीपल फॉर हिमालयन डेवलपमेंट संस्था (पीएचडी) ने पर्यटन विकास समिति के सदस्यों के लिए क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें समिति के सदस्यों को उनकी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों से अवगत करवाया गया। साथ ही कोकसर पंचायत के लिए पर्यटन विकास योजना बनाने पर चर्चा की गई। पीएचडी के मुख्य अविनाश और उष्मन शर्मा ने कहा कि कार्यशाला में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर उपस्थित सदस्यों ने विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि कार्यशाला में खासकर कचरा प्रबंधन, यातायात प्रबंधन, पर्यावरणीय चिंताएं और पार्किंग जैसी समस्याओं को शामिल किया गया। विचार-विमर्श के बाद इन मुख्य मुद्दों के समाधान के लिए समिति के सदस्यों की ओर से एक कार्य योजना तैयार की जाएगी, जिसे अगली बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। कहा कि पंचायत की पर्यटन विकास समिति के सदस्यों ने भी उपरोक्त मुद्दों पर अपने विचार और सुझाव साझा किए। कार्यशाला का उद्देश्य सदस्यों की क्षमताओं को बढ़ाना और उन्हें पर्यटन विकास की दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए प्रेरित करना रहा।
वहीं, कार्यशाला में हीलिंग हिमालय की अंजली ने भी ठोस कचरा प्रबंधन पर अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि जल्द ही कोकसर पंचायत स्थित प्लांट में ठोस कचरा की रिसाइक्लिंग प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिससे कि कचरा निष्पादन की समस्या का समाधान हो जाएगा। इस दौरान कोकसर पंचायत के प्रधान सचिन मिरुपा, वार्ड नंबर तीन के वार्ड सदस्य रविंद्र कटोच, वार्ड नंबर एक के वार्ड सदस्य अशोक आदि उपस्थित रहे। संवाद