नशा मुक्त जिला बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर करें काम : निवेदिता नेगी
स्कूलों में जागरूकता अभियान के साथ खेल गतिविधियां करवाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। उपायुक्त लाहौल-स्पीति निवेदिता नेगी की अध्यक्षता में मंगलवार को केलांग में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में नशा निवारण और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से नशा मुक्त जिला बनाने के लिए सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान के साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएं।
उन्होंने पुलिस और शिक्षा विभाग को नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं के लिए अनुपयोगी स्कूल भवनों की पहचान करने को कहा। साथ ही ग्राम सभाओं के माध्यम से पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियों के गठन और उन्हें सक्रिय करने के निर्देश दिए। बैठक में चिट्टा विरोधी अभियान, नशा मुक्त परिसर पहल, पुनर्वास केंद्रों को मजबूत करने और ओवरडोज से होने वाली मौतों की रोकथाम पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को गोद लिए गए स्कूलों का नियमित दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करने को कहा। बैठक में डीएसपी केडी शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक, एसडीएम उदयपुर ओम प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चमन सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद