जाहलमा नाले के पास चन्द्रभागा नदी से मलवा हटाने का कार्य जारी है, विधायक अनुराधा राणा के निर्दे
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जाहलमा नाले में चार-पांच साल से गर्मियों में लगातार आ रही बाढ़ ने क्षेत्र के लोगों को काफी परेशान कर रखा है। अब लोगों को इससे राहत मिलने वाली है। दारा फाल के समीप चंद्र भागा नदी से मलबा हटाकर किनारे लगाया जा रहा है। इस कार्य से जोबरंग गांव के नीचे नदी का बहाव दोबारा सुचारु हो गया है और जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है। इससे जाहलमा नाले की बाढ़ भी चंद्र भागा नदी को प्रभावित नहीं कर पाएगी और पानी सुचारु रूप से बहेगा।
बाढ़ के कारण आया मलबा चंद्र भागा नदी के प्रवाह को बाधित कर रहा था। गर्मियों में नदी का प्रवाह रुकने से कई बार पानी जोबरंग पुल के ऊपर से बहने लगता था, जिससे पुल को खतरा बना रहता था। इसके अलावा जोबरंग, फूड़ा, हालिंग और जसरथ गांव की कृषि भूमि में लगातार भूमि कटाव हो रहा था। अब पुल को भी खतरा नहीं रहेगा। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि हालिंग, जसरथ और तड़ंग गांव के नीचे तटीकरण के लिए बजट का प्रावधान भी कर दिया गया है। भूमि कटाव रोकने के लिए क्रेटवॉल लगाने का कार्य भी जारी है।
उन्होंने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। बाढ़ प्रभावित इलाकों को सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। भविष्य में भी ऐसे विकास और राहत कार्य जारी रहेंगे। संवाद