सोलंगनाला। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर लाहौल-स्पीति और जिला कुल्लू में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यह बात मंडी रेंज के डीआईजी राहुल नाथ ने कही। कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के लिए सुरक्षा को लेकर दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षक के साथ मिलकर पूरे कार्यक्रम की निगरानी की जा रही है। सभी जरूरी सुरक्षा प्रबंध और फोर्स की तैनाती की गई है और रिहर्सल भी शुरू हो चुकी है।
कहा कि 29 अप्रैल सुबह 6 बजे से पलचान और गुलाबा में नाका लगाया जाएगा। यहां से सोलंग की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। डीआईजी ने कहा कि लाहौल क्षेत्र से मनाली की ओर आने वाले वाहनों को सुबह 7:30 बजे के बाद रोका जाएगा। सोलंगनाला में भी नाका रहेगा, जहां से आगे केवल स्थानीय लोगों को ही सीमित आवाजाही की अनुमति होगी। पर्यटक 29 अप्रैल को गुलाबा तक तो जा सकते हैं, लेकिन सोलंगनाला की ओर नहीं जा पाएंगे। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि वे अटल टनल, सिस्सू या सोलंगनाला जाने की योजना बना रहे हैं, तो दोपहर 12 बजे के बाद ही यात्रा करें। संवाद