कुल्लू। जिला मुख्यालय से पर्यटन नगरी मनाली को जोड़ने वाले कुल्लू-मनाली हाईवे पर डोहलूनाला में घंटों जाम लग रहा है। पिछले चार दिन से जाम लगने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। बीते मंगलवार को पहाड़ी दरकने से मलबा और पत्थर हाईवे पर आ गिरे थे। अभी तक मलबे को हटाया नहीं गया है।
वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग तो बनाया है लेकिन जाम की स्थिति बन रही है। डोहलूनाला में शुक्रवार को भी सुबह से शाम तक घंटों वाहन जाम में फंसे रहे। इससे पर्यटकों और स्थानीय को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। यात्री सोहन, मोहित, राकेश, अमित, शालिनी, अनिता, सोनाक्षी, रचना ने कहा कि सुबह के समय कुल्लू आते समय भी जाम की समस्या से दो चार होना पड़ा।
शाम के समय भी उसी समस्या से रूबरू होना पड़ा है। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से हाईवे पर गिरे मलबे को हटाने की मांग की है, ताकि जाम की समस्या से लोगों को परेशान न होना पड़े। एनएचएआई के रेजीडेंट इंजीनियर अशोक चौहान ने कहा कि पतलीकूहल से आगे हाईवे तीन को खाेलने का काम जारी है। संवाद