क्षेत्रीय अस्पताल की कैंटीन में 23 दिसंबर को सुबह गैस सिलिंडर में रिसाव से लगी थी आग
कैंटीन में नहीं लगे हैं अग्निशामक यंत्र, नियमों की उड़ाई जा रही हैं धज्जियां
डीसी ने मांगी अस्पताल की कैंटीन में
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की कैंटीन में गैस सिलिंडर के रिसाव के कारण आग लगने के मामले में उपायुक्त ने रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने दमकल विभाग को एक लिखित आदेश के माध्यम से घटना के कारणों की जांच रिपोर्ट मांगी है।
साथ ही कैंटीन में आग की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए क्या प्रबंध किए थे, इसको लेकर भी जानकारी मांगी है। क्षेत्रीय अस्पताल जैसे संस्थान में गैस सिलिंडर के रिसाव से हुई आग की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल पैदा करता है। कैंटीन में आपदा प्रबंधन के नियमों को कितना ध्यान में रखा जा रहा है इस पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में सोलन जिला के अर्की बाजार में भी गैस सिलिंडर में रिसाव होने के कारण आग की घटना पेश आई है। इसमें लोगों को जान गंवानी पड़ी। इस घटना ने भी सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन के नियमों की पोल खोलकर रख दी थी। इसी तरह क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की कैंटीन में 23 दिसंबर, 2025 को गैस के रिसाव से हुई आग की घटना ने भी नियम का पालन करने को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
अब उपायुक्त ने हादसे के क्या कारण रहे, इसकी जांच के आदेश दिए हैं। कैंटीन में आग जैसी घटनाओं पर काबू पाने के लिए क्या प्रबंध किए हैं इन तमाम पहलुओं की जांच की जाएगी। इससे पहले घटना के दौरान भी दमकल विभाग इन तमाम पहलुओं की जांच कर चुका है। अब दमकल विभाग मामले की रिपोर्ट जल्द उपायुक्त को सौंपेगा।
नहीं लगे हैं अग्निशामक यंत्र
अस्पताल की कैंटीन के भीतर अग्निशामक यंत्र तक स्थापित नहीं किए गए हैं। सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कैंटीन में अग्निशामक यंत्र लगाना नियमानुसार जरूरी है लेकिन कैंटीन संचालकों की ओर से सरेआम इसकी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
कैंटीन में आग की घटना किन कारणों से हुई है, इसकी रिपोर्ट के साथ ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए क्या प्रबंध किए गए, इन तमाम पहलुओं को दमकल विभाग जांच में शामिल कर रहा है। इसकी रिपोर्ट जल्द उपायुक्त को सौंपी जाएगी। - प्रेम भारद्वाज, प्रभारी दमकल विभाग कुल्लू