बबेली में कुल्लू का यूथ-चलेगा बूथ कार्यक्रम का किया आयोजन
पर्यटकों, युवाओं और गाइडों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के रिवर राफ्टिंग केंद्र बबेली में स्वीप के तहत कुल्लू का यूथ-चलेगा बूथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने विशेष तौर पर शिरकत की। कार्यक्रम में ब्यास की लहरों में राफ्टिंग करते हुए उपायुक्त और स्वीप टीम ने बैनर और प्ले कार्ड की मदद से चुनाव में मतदान करने का संदेश दिया।
उपायुक्त कुल्लू ने बबेली में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटकों, युवाओं, राफ्टिंग ऑपरेटरों और गाइडों को मतदान का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र को मजबूती तथा पारदर्शिता के लिए आवश्यक है। उन्होंने सभी से आगामी लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की।
जिला स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. लाल सिंह ने कहा कि मतदाता जागरूकता के लिए जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को मतदान करने के लिए खासकर प्रेरित किया जा रहा है। स्वीप टीम से श्याम लाल हांडा ने कहा कि बबेली में जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और राफ्टिंग एसोसिएशन की मदद से कुल्लू का यूथ-चलेगा बूथ कार्यक्रम करवाया है। इसमें युवाओं को मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान जिला पर्यटन अधिकारी सुनयना शर्मा, प्रोबेशनर आईएएस सचिन, प्रियांशु, वन परिक्षेत्र अधिकारी एंजल शर्मा, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक समिता आदि उपस्थित रहे। संवाद
00