लाहौल स्थित गोंधला के सिला गोंपा में बुद्धिस्ट ननों से मुलाकात कर जाना हालचाल। गोंपा में माथा
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। यह बात विधायक अनुराधा राणा ने ग्राम पंचायत बरगुल, मूलिंग, शिफ्टिंग और गोंधला के ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत मूलिंग में आयुष विभाग के विभागीय औषधालय भवन के निर्माण के लिए भूमि का चयन किया जा रहा है। राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि स्वेच्छा से भूमि दान करने वालों के साथ गिफ्ट डीड प्राथमिकता की औपचारिकताएं जल्द पूर्ण करें, ताकि भवन का निर्माण जल्द हो सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मुख्य मांग पर दालंग-यांगला संपर्क सड़क की मरम्मत कर इसे अपग्रेड किया जाएगा और बस सुविधा भी ग्रामीणों के लिए उपलब्ध करवाई जाएगी। ग्राम पंचायत गोशाल में सामुदायिक भवन की द्वितीय मंजिल में यांगला महिला मंडल का भवन बनाया जाएगा। इसके लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा।
विधायक ने शिलागोंपा में विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत बौद्ध भिक्षुणियों के आवासीय भवन की मरम्मत के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व उन्होंने गोशाल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण भी किया और बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष बीना देवी आदि मौजूद रहे। संवाद