डिप्टी सीएम ने उत्सव में सुरक्षा व्यवस्था के उचित प्रबंध करने के दिए निर्देश
उत्सव के आयोजन को लेकर हुई बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े मुकेश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर कुल्लू में शनिवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की। वह बैठक से वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे। भाषा एवं संस्कृति विभाग की निदेशक रीमा कश्यप भी मौजूद रहीं।
अग्निहोत्री ने कहा कि कुल्लू दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह धर्म, संस्कृति, समाज और इतिहास का अनोखा संगम है। यह हिमाचल की पहचान को विश्व स्तर पर स्थापित करता है। यह उत्सव देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान है। पूरी दुनिया से लोग इसे देखने आते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा को देखते हुए आयोजन समिति की ओर से उत्सव के खर्चों में कटौती और सभी संध्याओं में प्रदेश के कलाकारों व प्रदेश के सांस्कृतिक दलों को ही आमंत्रित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने उत्सव के दौरान लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उत्सव स्थल और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखने को कहा। बैठक में दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं विधायक कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर, मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह, उपायुक्त एवं उत्सव समिति की उपाध्यक्ष तोरुल एस. रवीश मौजूद रहे।
वोल्वो बस सेवा बहाल करने के निर्देश
मुकेश ने कहा कि आपदा से खराब हुई सड़क रिस्टोर हो चुकी है। ऐसे में बंद की गई वोल्वो बस सेवा बहाल की जाए। उत्सव के दौरान लोगों की सुविधा के लिए दशहरा स्पेशल बसें भी चलाने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्हाेंने उत्सव स्थल और शहर में बिजली आपूर्ति बिना रुकावट सुनिश्चित करने को कहा गया है।