नग्गर बीट के जंगल से वन विभाग ने देवदार के बारह स्लीपर बरामद किए हैं। विभाग की टीम ने जंगल का निरीक्षण किया और इस दौरान वन विभाग की टीम को 12 स्लीपर मिले। इसकी पुष्टि डीएफओ कुल्लू नीरज चड्ढा ने की है। गौरतलब है कि नग्गर रेंज में देवदार के हरे-भरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई जा रही है। काफी लंबे समय से जंगलों में अवैध पेड़ कटान किया जा रहा है। हालांकि, क्षेत्र के लोगों ने भी वन काटुओं पर नजर रखनी शुरू कर दी है लेकिन रात के अंधेरे में वन काटुओं को पकड़ पाना मुश्किल हो गया है।
लगातार नग्गर बीट के जंगल में हो रहे पेड़ कटान मामले को वन विभाग के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और जंगल का निरीक्षण किया। लिहाजा, नग्गर, काईस और नरोगी बीट के जंगलों में अवैध कटान के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। विभाग की कार्रवाई के बाद भी लगातार जंगलों में कटान हो रहा है। ऐसे में वन विभाग को लगातार हो रहे कटान पर गंभीरता दिखाने की जरूरत है। डीएफओ ने बताया कि जंगल से ये स्लीपर बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वन काटुओं को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। वन काटुओं की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है।