आबकारी एवं कराधान विभाग ने टैक्स में हेराफेरी करने वाले कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया है। जिलाभर में विभागीय टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मार्च में अब तक विभागीय टीम ने जिलाभर में टैक्स चोरी के आधा दर्जन से अधिक मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब सात लाख रुपये जुर्माना वसूला है। विभाग की सख्त कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने जिलाभर में औट से लेकर मनाली तक दबिश देकर टैक्स में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की। जिला में बाहरी राज्यों से व्यापारी सामान लाते हैं। जिसे देखते हुए विभाग टीमें विभिन्न जगहों में नाका लगाकर ट्रांसपोर्टरों समेत दुकानों में चेकिंग कर रही है। करीब आधा दर्जन मामलों में विभागीय टीमों ने सात लाख रुपये जुर्माना वसूला है। इस दौरान बिना बिल और बिल में गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं। रोजाना टीम सरकार को चूना लगाने वाले कारोबारियों और अन्य पर शिकंजा कस रही है।
उधर, आबकारी एवं कराधान विभाग कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिला के आयुक्त डॉ. रमेश शर्मा ने बताया कि मार्च माह में अब तक दबिश के दौरान अनियमितताएं और बिना बिल सामान लाने पर करीब सात लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है। टैक्स चोरी के खिलाफ विभाग का अभियान जारी रहेगा।
लग्जरी टैक्स पर भी रहेगी निगरानी
आगामी पर्यटन सीजन को लेकर आबकारी एवं कराधान विभाग तैयारियों में है। आगामी पर्यटन सीजन के दौरान विभाग लग्जरी टैक्स चोरी पर शिकंजा कसने के लिए स्पेशल टीमें गठित करने की तैयारी में है। हालांकि सामान्यतया विभागीय टीमें लगातार दबिशें देकर बिना बिल वाले सामान पर नियमानुसार कार्रवाई कर रही हैं। जबकि, विभाग का फोकस लग्जरी टैक्स चोरी पर भी रहेगा।