दिल्ली से करोड़ों रुपये की हेरोइन के साथ पकड़ा गया आरोपी नाइजीरियन ओके चीकू मैथ्यू एसएमएस से नेटवर्क चलाता था। शातिर एसएमएस से ही नशे का ऑर्डर लेता था और इसे सप्लायरों को मुहैया करवाता था। बिग बॉस की मौत का झूठा सहारा लेते हुए पुलिस को गुमराह करने वाला मैथ्यू खुद ही सरगना है।
आरोपी मैथ्यू न्यायिक हिरासत में है। सूत्रों की मानें तो पुलिस रिमांड के दौरान मिले कुछ तथ्यों को क्रॉस चेक करने और गहनता से जांच के लिए पुलिस ने दिल्ली के नवादा में दबिश दी। हालांकि, कुछ खास हाथ नहीं लगा, लेकिन पुलिस ने आरोपी के नेटवर्क के बारे में कुछ अहम सुराग जुटाए हैं।
दिल्ली के नवादा क्षेत्र से पकड़ा गया नाइजीरियन बेहद चालाकी से नेटवर्क चलाता था। एसएमएस से माल (नशा) तैयार रखने को लेकर डील की जाती थी। आरोपी के मोबाइल में इस तरह के कई एसएमएस मिले हैं। उक्त नाइजीरियन के साथ करीब 50 अन्य शातिर जुड़े हैं। इन्हें वह मांग के अनुसार माल देता था। फिर सप्लायर छोटी-छोटी खेप ग्राहकों तक पहुंचाते थे। बताया जा रहा है कि ये लोग पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ से जुड़े हैं। आरोपी लंबे समय से कई एजेंसियों के निशाने पर था।
करीब दस दिन पूर्व कुल्लू पुलिस ने एक तस्कर की निशानदेही पर आरोपी को बड़ी खेप के साथ दबोचा था। पुलिस पूछताछ में खेप अफगानिस्तान और तंजानिया से मंगवाई बताई गई है। उधर, एएसपी कुल्लू और मामले में गठित एसआईटी के मुखिया निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है।