करीब दो सप्ताह पहले चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर हुए हादसे के बाद लापता हुए ओम प्रकाश का शव लारजी डैम में मिल गया है। परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक उन्हें मंडी जिला के औट थाने से शव मिलने की सूचना मिली। ओमप्रकाश के परिजनों के साथ औट पहुंचे। हालांकि शव थोड़ा खराब हो गया था, लेकिन उनके परिजनों ने उनके दांतों समेत शरीर के कुछ अन्य अंगों से शव की शिनाख्त कर दी। शव को कुल्लू लाया गया। एसएचओ मनाली केडी शर्मा ने शव मिलने की पुष्टि की है। बताया कि 18 अप्रैल को सभी थानों को सूचना भेज दी गई थी। पतलीकूहल व्यापार मंडल के अध्यक्ष अर्जुन देव ने ओम प्रकाश की मौत पर समस्त कार्यकारिणी की ओर से शोक जताया है।
वहीं, स्थानीय पंचायत प्रधान विजय ठाकुर ने कहा कि कई दिनों तक ग्रामीण भूखे प्यासे शव को तलाशते रहे। उन्होंने कहा कि बाड़ी गांव निवासी 53 वर्षीय ओम प्रकाश पतलीकूहल में खाद की दुकान चलाते थे।