अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। धार्मिक नगरी मणिकर्ण में पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान एक युवक से 2.480 किलोग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। सोमवार को कुल्लू की अदालत में उसे पेश किया जाएगा। आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को मणिकर्ण चौकी प्रभारी नंद लाल ठाकुर की अगुवाई में भीमसेन, वेद राम तथा हुक्म राम के साथ पेट्रोलिंग पर थे। इस दौरान मणिकर्ण-बरशैणी चौक पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर एक युवक हड़बड़ा गया, जिस पर पुलिस का व्यक्ति पर शक गहरा गया और तलाशी करने पर उसके बैग से करीब ढाई किलो ग्राम चरस की खेप बरामद की है। पुलिस ने कोलकाता निवासी मोहम्मद कलीम (24) को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच अधिकारी नंद लाल ठाकुर ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अभी तक की गई पूछताछ में चरस तस्कर ने कहा कि वह इससे पहले दो से तीन बार चरस की सप्लाई कर चुका है। उन्होंने कहा कि सोमवार को उसे कुल्लू की अदालत में पेश किया जाएगा। इसको लेकर तमाम प्रक्रियाओं को पूरा किया जा रहा है। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि चरस को किससे खरीदा, इसके बारे में भी पूछताछ की जा रही है। नशे के विरुद्घ पुलिस का अभियान जारी है।