देवदार के अवैध स्लीपरों के साथ पकड़ी जीप
महाराज बीट क्षेत्र में छापे के दौरान मिली सफलता
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। वन मंडल कुल्लू के तहत वन विभाग की टीम ने शनिवार रात को देवदार के अवैध स्लीपरों से लदी एक जीप समेत दो लोगों को पकड़ा। जिन्हें सभी औपचारिकताओं के बाद पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों केे गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात्रि को वन मंडल कुल्लू की महाराजा बीट क्षेत्र में बीओ डीआर रघुबीर सिंह, वन रक्षक तारा चंद, धनवंत और परमजीत छापामारी पर निकले थे। इस बीच रात्रि करीब डेढ़ बजे लोट गांव की तरफ से एक जीप आई। जिसे जांच के लिए रोका गया। जांच में जीप में बिना हथौड़ा अंकन से देवदार के स्लीपर पाए गए। वन विभाग की टीम की ओर से जीप में सवार दोनों लोगों से स्लीपर संबंधी आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन दोनों इस संबंध में कुछ भी पेश नहीं कर पाए। पूछताछ में चालक ने अपना नाम कर्ण सिंह निवासी ओसन डाकघर दियार तहसील भुंतर जिला कुल्लू व अन्य ने रवि कुमार निवासी बिहाचक डाकघर खड़ीहार तहसील व जिला कुल्लू बताया। जांच में जीप से चार प्रकार के आकार में दस स्लीपर बरामद हुए। जिनकी कीमत करीब 39 हजार रुपये पाई गई है। सभी प्रकार की औपचारिकताओं के बाद आरओ बलदेव शर्मा ने आरोपियों को पुलिस थाना में पेश किया और इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई। जिस पर पुलिस थाना कुल्लू में मामला दर्ज किया गया। इधर, एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि मामले में जांच जारी है।