स्वार। एक ही रात में चोर तीन किसानों के घरों की दीवार फांद कर 60 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण सहित साढ़े तीन लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। किसानों की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई है। लेकिन रविवार शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। क्षेत्र में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं से लोगों में आक्रोश है।
शनिवार की रात चोरों ने नगर से सटे गांव मिर्जापुर में जमकर तांडव मचाया। चोरों ने तीन किसानों के घरों पर धावा बोला। सबसे पहले चोरों ने किसान ताहिर अली के मकान को निशाना बनाया। पूरा परिवार आंगन में सोया हुआ था। चोर घर की दीवार फांद कर घर में घुस आए और कमरे में रखे संदूक के ताले तोड़कर साढ़े आठ हजार की नकदी, दो जोड़ी चांदी की चेन चोरी कर ले गए। चोरों ने अगला निशाना किसान मेहंदी हसन के मकान को बनाया। चोर उसके घर में घुस कर संदूक का ताला तोड़कर 38 हजार की नकदी, तीन तोले सोना और तीन जोड़े चांदी की पाजेब चोरी कर ले गए। बाद में चोर पड़ोसी किसान कुर्बान अली के मकान में घुस गए और कमरे में रखी आलमारी के ताले तोड़कर आठ हजार की नकदी, तीन तोले सोने, आधा किलो चांदी के आभूषण चोरी के ले गए। रविवार की सुबह परिवार के लोगों ने संदूक के ताले टूटे और नकदी सहित सोने, चांदी के आभूषण गायब देखे तो उनके होश उड़ गए । चोरी की घटनाओं की सूचना पर ग्रामीणों की भी भीड़ लग गई। पीड़ितों ने कोतवाली पहुंच कर घटना की तहरीर पुलिस को दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व चोर एक किसान जमील अहमद के घर में घुस कर दो क्विंटल मैंथा आयल चोरी कर ले गए थे, लेकिन पुलिस ने आज तक चोरी का खुलासा नहीं किया है। क्षेत्र में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से शीघ्र चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।