अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी के कसोल में घूमने आए छात्र का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। युवक पिछले छह दिनों से लापता चल रहा है। ग्रेटर नोएडा में बीटेक कंप्यूटर साइंस छात्र हिमांशु रंजन किसी ट्रेवल एजेंसी के माध्यम से कसोल पहुंचा था। लेकिन उसके बारे में कोई भी सूचना नहीं मिल रही है।
छात्र के परिजन शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चंदेल से मिले। परिजनों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मदद की गुहार लगाई। साथ ही उनके लापता बेटे की तलाश करने की मांग की। छात्र के पिता एचके पांडे ने कहा कि वह अपने लापता बेटे को ढूंढने के लिए भटक रहे हैं। पुलिस की ओर से यह आश्वासन मिला है कि लापता छात्र के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की जाएगी। आखिरी लोकेशन की जानकारी मिलने पर उसे ढूंढने में आसानी होगी। गौर रहे कि मणिकर्ण घाटी के कसोल, रशोल, मलाणा सहित अन्य संभावित जगहों पर लापता छात्र की तलाश की जा चुकी है। लेकिन अभी तक उसके बारे में पता नहीं चल पाया है। उधर, इस संबंध में एएसपी राजकुमार चंदेल ने कहा कि लापता युवक की तलाश जारी है।