स्वार। नगर के मोहल्ला रसूलपुर निवासी ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंप कर थाना अजीमनगर के मुरसैना स्थित एक नर्सिंग होम संचालक पर उपचार के दौरान भतीजी का गलत इलाज करने का आरोप लगाते हुए नर्सिंग होम संचालक के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को नगर के मोहल्ला रसूलपुर निवासी सैय्यद अफसर अली मियां ने एसडीएम लालता प्रसाद शाक्य को शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें आरोप लगाया गया कि वह अपनी भतीजी का इलाज कराने के लिए एक नर्सिंग होम में लेकर गया था। जहां मौजूद चिकित्सक ने भतीजी को चिकन गुनिया बताते हुए उपचार करना शुरू कर दिया।
कुछ दिन बाद अन्य लैब पर जाकर जांच कराई तो भतीजी को चिकन गुनिया बीमारी न होने की पुष्टि हुई। इलाज गलत होने के कारण उनकी भतीजी की हालत बिगड़ गई। शिकायत करने पर चिकित्सक ने अभद्र व्यवहार व गाली गलौज कर भगा दिया। पत्र में जांच कराकर नर्सिंग होम संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।