स्वार। कपड़ा विक्रेता के घर हुई आठ लाख रुपये की चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस अभी तक घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। जिससे पीड़ित परिवार में पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेज कर घटना का खुलासा शीघ्र कराए जाने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के गांव नानकार रानी में पांच दिन पूर्व विवाह समारोह में गए कपड़ा विक्रेता फैजान हुसैन के घर में घुस कर चोर सैफ, अलमारी के ताले तोड़कर 22 तोले सोने,1 किलो 800 ग्राम चांदी एक लाख 28 हजार की नकदी चोरी कर ले गए थे।
पीड़ित की ओर से पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली। लेकिन घटना के खुलासे को पुलिस गंभीर नहीं है। पांच दिन बीत जाने के बाद भी घटना का खुलासा न होने से पीड़ित परिजनों में पुलिस के प्रति रोष है।
मंगलवार को कपड़ा विक्रेता ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेज कर कोतवाली पुलिस को निर्देशित कर घटना का खुलासा शीघ्र कराए जाने की मांग की है। कोतवाल राजेश तिवारी ने बताया कि घटना के खुलासे को टीम लगी हैं। जल्दी ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा ।