कार-बाइक की टक्कर; एक की मौत, चार घायल
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर 14 मील में हादसा, दो गंभीर रूप से जख्मी
बाइक सवार मंडी निवासी, एक ने मौके पर तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
पतलीकूहल/मनाली। पर्यटन नगरी मनाली के पास 14 मील में एक कार और बाइक में जोरदार टक्कर हुई, जिसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत और एक घायल हो गया। इसके अलावा कार कार चालक और दो अन्य सवारों को चोटें आई हैं। घायलों का क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर 14 मील में एक कार कुल्लू की ओर आ रही थी, जबकि मनाली की ओर से एक बाइक पर दो युवक जा रहे थे। 14 मील में बाइक सवार ओवरटेक करते हुए गलत साइड में चला गया, जिससे कार और बाइक आपस में टकरा गए। बाइक की स्पीड इतनी अधिक थी कि हादसे में इसके परखच्चे उड़ गए। कार का शीशा और अगला भाग भी टूट गया। बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक प्रवीण (27) पुत्र जवाहर, बीपीओ गुइन, तहसील धर्मपुर, जिला मंडी की मौत हो गई और उसका साथी अनिल (26) पुत्र अतर सिंह, बीपीओ हिलयातर, थाना बल्ह, जिला मंडी घायल हो गया। इसके साथ ही टैक्सी चालक बालकृष्ण निवासी 15 मील को भी गहरी चोटें आई हैं। उस टैक्सी में सवार निशा और अनीता को भी चोटें आई और उनको मनाली अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने हादसे की पुष्टि की। कहा कि शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।