बस-बाइक की टक्कर में विदेशी की मौत
कुल्लू-मनाली मार्ग पर बंदरोल में पेश आया हादसा
मामला दर्ज कर जांच में जुटी कुल्लू पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे-21 में बंदरोल के समीप बस और बाइक की टक्कर में एक इजरायली नागरिक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बारे में एंबेसी को सूचित कर दिया गया है। हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पहुंचाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर को कुल्लू-मनाली सड़क मार्ग पर एक बस और बाइक में टक्कर हो गई। बाइक सवार कुल्लू से मनाली की तरफ जा रहा था। इस बीच मनाली से आ रही एक बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार नीरव हवीव 28 निवासी इजरायल घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए बस के माध्यम से गैमन ब्रिज तक पहुंचाया। यहां से निजी कार से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। हवीव कुल्लू-मनाली घूमने के लिए पहुंचा था। अब एंबेसी के माध्यम से उसका शव इजरायल स्थित उसके परिजनों तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस ने आरोपी के विरुद्घ आईपीसी की धारा 279, 304ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान रोशन लाल पुत्र गांधी राम निवासी छोटी शिंगारी कुन्नू तहसील पधर जिला मंडी के रूप में हुई है। मामले में एएसआई धनी राम जांच कर रहे हैं। इधर, एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की है। कहा कि मामले में जांच जारी है।