मनाली/कुल्लू। पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रा के साथ सटे मढ़ी में शनिवार सुबह लोक निर्माण विभाग का डेढ़ मंजिला विश्राम गृह आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया है। काष्ठकुणी शैली का बना विश्राम गृह आग की भेंट चढ़ गया। 12 हजार की फीट की ऊंचाई पर होने से तेज हवा ने पलभर में पूरे रेस्ट हाउस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हो गया है।
हालांकि शनिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे यहां से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने आग को देखा और मढ़ी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद इसकी सूचना मनाली पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद अग्निशमन विभाग के वाहन को मौके पर पहुंचने के लिए करीब डेढ़ घंटे से भी अधिक का समय लगा। वाहन के पहुंचने से पहले पूरा विश्राम गृह जलकर राख हो गया था। अग्निशमन मनाली के सब फायर अधिकारी केवल राम व भागीरथ शर्मा ने कहा कि आगे से विश्राम गृह में दो कमरे, चार बिस्तरों की डोरमेट्री, रसोई और एक हाल सहित अंदर रखा गया पूरा सामान जल गया है। विश्राम गृह में जब आग लगी उस समय यहां कोई भी नहीं था। विश्राम गृह का चौकीदार किसी काम से कुल्लू आया था। ऐसे में रेस्ट हाउस में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। उधर, शनिवार सुबह जैसे ही विश्राम गृह के जलने की सूचना लोनिवि के अधिकारियों को लगी तो वे भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा दिया। लोनिवि के सहायक अभियंता पवन राणा ने कहा कि आग से करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मढ़ी का रेस्ट हाउस काष्ठकुणी शैली का बना हुआ था। मनाली पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।