अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। भुंतर के पास कलैहली में महिला हत्या मामले में आरोपी नाबालिग को जेजे बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। यहां से उसे बाल सुधार गृह ऊना भेजा गया। भुंतर पुलिस आरोपी मां से गहन पूछताछ कर रही है। नाबालिग के कबूलनामे की जांच की जा रही है।
भुंतर पुलिस घटनाक्रम को लेकर आरोपी मां से जानकारी जुटा रही है। मामले में हत्या में प्रयोग किए हथियार की रिकवरी करना अभी बाकी है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि हत्या करने के बाद किसी अन्य महिला की ओर से नाबालिग को देखे जाने के बाद आरोपी मां मौके से फरार हो गई और घास लेने के लिए निकल गई। घटना के एक घंटे बाद घास लेकर आरोपी महिला मौके पर पहुंची। घटना के बाद खून से खराब कपड़े भी शातिर ने धो डाले। पुलिस पता लगा रही है कि घटना के बाद महिला ने मामले से बचने के लिए किसी की मदद तो नहीं की। उधर, एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस मामले में आरोपी महिला से कड़ी पूछताछ कर रही है।