राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुशैणी में चौकीदार की संदिग्ध मौत हो गई। सुबह चपरासी के दरवाजा खटखटाने पर कमरा नहीं खोलने पर चौकीदार के मृत होने का खुलासा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। अभी तक मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण स्पष्ट होंगे। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत शरची के गांव बांदल निवासी चांद किशोर पुत्र पेजे राम गुशैणी स्कूल में मंगलवार रात्रि को बतौर चौकीदार स्कूल ड्यूटी में तैनात था। जो वीरवार सुबह कमरे में मृत पाया गया।
पुलिस ने जांच में पाया गया कि चांद किशोर आम दिनों के तरह बुधवार रात को स्कूल में चौकीदारी करने के लिए आया हुआ था। सुबह 10 बजे तक चौकीदार अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो स्कूल के चपरासी उसका दरवाजा खटखटाया, लेकिन चपरासी के दरवाजा खटखटाने के बावजूद चौकीदार ने दरवाजा नहीं खोला। इस चपरासी शक हुआ और उसने स्वयं दरवाजा खोला तो पाया कि चांद किशोर अपने बिस्तर पर पड़ा है। जिस पर उसने पास जाकर जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई हरकत न होने पर वह हक्का-बक्का रह गया और इसकी सूचना स्कूल प्रधानाचार्य को दी। स्कूल प्रधानाचार्य भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्राम पंचायत शरची के उप प्रधान राजेंद्र डोड को भी मौके पर बुलाया गया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस की टीम एसएचओ कर्मचंद राव व हैड कांस्टेबल ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मौका कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। एसएचओ बंजार पुलिस थाना कर्मचंद राव ने कहा कि फिलहाल घटना में किसी प्रकार की हत्या का संदेह नजर नहीं आ रहा है। फिर भी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के स्थिति साफ हो जाएगी। उधर, एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार अन्य धाराओं को शामिल किया जाएगा।