कुल्लू। जिला कुल्लू में कोरोना संक्रमण ने दोबारा दस्तक दी है। दस दिनों के बाद शनिवार को संक्रमण का नया मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य विभाग कुल्लू की परेशानियों को बढ़ा दिया है। वहीं, जिला वासियों में भी डर का माहौल है। बता दें कि
छह अप्रैल को कुल्लू जिला कोरोना मुक्त हुआ था, लेकिन दोबारा एक मरीज कोरोना संक्रमित पाया गया है। विभाग ने शनिवार को जिले के पांचों स्वास्थ्य खंडों में 37 लोगों के सैंपल लिए थे, जिनमें एक सैंपल पॉजिटिव और 36 की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। गौर रहे कि विभाग ने कुल्लू कोरोना मुुक्त होने के उपरांत भी सैंपलिंग अभियान को बंद नहीं किया था। विभाग ने संक्रमण के खतरे को देखते हुए अभियान को जारी रखा। कुल्लू में शनिवार को दोबारा कोरोना संक्रमण का नया मामला आने से पॉजिटिव मरीजों की संख्या 11962 पहुंच गई है। 11797 मरीज कोरोना को मात देकर स्वस्थ भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग निरंतर लोगों से नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है। इसके लिए शहरी समेत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविर भी लगाए जा रहे हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि कुल्लू में कोरोना का नया मामला आया है।