देवसदन कुल्लू में चार सितंबर को मनाया जाएगा हिंदी पखवाड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के देवसदन कुल्लू में हिंदी पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसमें तीन चरणों में भाषण, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई जाएगी। प्रतियोगिता में सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं। यह बात शुक्रवार को जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि विभाग 4 सितंबर को देवसदन हिंदी पखवाड़ा मना रहा है।
इसमें भाषण प्रतियोगिता का विषय तकनीकी युग में हिंदी भाषा ओर हिंदी का वर्तमान और भविष्य रहेगा। निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय भारत का गौरव हिंदी और आधुनिक शिक्षा पद्धति में हिंदी की दशा एवं दिशा रहेगा। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिंदी साहित्य, हिंदी व्याकरण के आधार पर वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे।
इन तीनों स्पर्धाओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इच्छुक विद्यालय जिला भाषा अधिकारी कार्यालय अथवा ई-मेल के माध्यम से एक सितंबर तक पंजीकरण करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला भाषा अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01902-222406 पर संपर्क करें। संवाद