कुल्लू। जिला कुल्लू में त्योहारी सीजन में पेट्रोल-डीजल और गैस के दामों में आग लगी हुई है। पेट्रोल के शतक के बाद व्यावसायिक गैस सिलिंडर की कीमतों में भी उछाल आया है। 19 किलोग्राम का गैस सिलिंडर 267 रुपये बढ़कर 2051 में मिलेगा।
पांच किलोग्राम के सिलिंडर के अब उपभोक्ताओं को 497 रुपये के बजाय 571 देने पड़ेंगे। घरेलू सिलिंडर के दाम अक्तूबर माह की भांति ही रहेंगे। घरेलू गैस के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसके चलते उपभोक्ताओं को घरेलू सिलिंडर 956 रुपये में ही मिलेगा। हालांकि गैस सिलिंडर के यह बेसिक दाम है, जबकि घर तक पहुंचाने का उपभोक्ताओं को अतिरिक्त चार्ज देना होगा।
त्योहारी सीजन में व्यावसायिक गैस सिलिंडर 267 रुपये महंगा होना कारोबारियों और समारोह संचालकों के लिए बड़ा झटका लगा है। व्यावसायिक गतिविधियां करने वाले कारोबारियों पर पहले कोरोना और अब गैस के दाम बढ़ने से दोहरी मार पड़ी है। सिलिंडर महंगा होने से होटल, ढाबा, रेस्तरां कारोबारियों की परेशानियों में इजाफा हुआ है, तो शादी व अन्य समारोह पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। बढ़ते दामों ने रसोई का जायका फीका कर दिया है। रेस्तरां संचालक मोहर सिंह, जसप्रीत, सुमित, जयंत, शुभम, रमेश, आदित्य, यशपाल, मोहित ने कहा कि रसोई गैर के दाम बढ़ने से हर वर्ग पर असर पड़ा है। त्योहारी सीजन में 267 रुपये बढ़ा और 74 रुपये छोटा व्यावसायिक सिलिंडर महंगा होने से दिक्कतें बढ़ी हैं। कहा कि व्यावसायिक गतिविधियों के कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।