संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू/खराहल। जिले में गुठलीदार फलों के पौधों पर दिनों फ्लावरिंग प्रक्रिया जोरों पर हैं। पौधों पर फूल आने से घाटी का नजारा मनमोहक हो गया। बगीचे अब प्लम समेत अन्य प्रजाति के पौधों पर खिले रंग-बिरंगे फूलों से गुलजार हो गए हैं। पौधों पर अच्छी फ्लाविरंग से बागवानों की बाछें खिल गई हैं। जिले में विभिन्न किस्म के फलों का उत्पादन लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि पर हो रहा है। इस साल मौसम अनुकूल रहने के कारण अच्छी फसल होने की उम्मीद है।
बागवानों का कहना है कि बर्फबारी और बारिश समय-समय पर होने की वजह से पौधों पर भरपूर फूल खिले हैं। ऐसे में बगीचों में फूल बेहतर होने से आगामी फसल अच्छी होने की आस है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मौसम फ्लावरिंग के समय अनुकूल रहता है तो फलों की सेटिंग उम्दा हो सकती है। घाटी में प्लम, खुमानी, आड़ू, बादाम, मैरीपोजा, रैडब्यूट आदि गुठलीदार फलों के पौधों पर अच्छे फूल खिले हैं। घाटी के बागवान अमित, चमन, मोहर सिंह, सुशील भंडारी, चदेराम, अशोक ठाकुर, सुनू राम, युवराज, देव राज, अखिल नवीन का कहना है कि इन दिनों गुठलीदार फलों की अच्छी फ्लावरिंग हो रही है। उन्होंने कहा कि तापमान में स्थिरता होनी जरूरी है। फूलों पर बारिश नहीं होनी चाहिए। ऐसे में सेटिंग उम्दा हो सकती है।
निचले क्षेत्रों में गुठलीदार फलों का उत्पादन अधिक
सदर फल एवं सब्जी उत्पादक संगठन के अध्यक्ष लाल चंद ठाकुर ने कहा कि कि पौधों पर बेहतर फूल खिले हैं। कुल्लू जिले के निचले क्षेत्रों में गुठलीदार फलों का उत्पादन बडे़ पैमाने पर हो रहा है। मौसम सही रहने पर फसल की सेटिंग बेहतर होगी। बागवानी विभाग कुल्लू के उपनिदेशक डॉ. बीएम चौहान ने बताया कि गुठलीदार फलों के पौधों पर अच्छे फूल खिले है। जिला कुल्लू में करीब 13 हजार हेक्टेयर भूमि पर गुठलीदार फलों की पैदावार हो रही है।