संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ने के उपरांत कॉलेजों में छह फरवरी तक छुट्टियां रही। कॉलेजों में सोमवार से दोबारा रौनक लौटेगी। संक्रमण की पाबंदियों के बीच दोबारा कॉलेज खुलेंगे। ऐसे में कुल्लू जिला के पांच महाविद्यालयों में करीब नौ हजार विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं लगेंगी।
कॉलेज प्रबंधन भी एसओपी का पालन करने में जुट गया है। जिले में रविवार को महाविद्यालय की कक्षाओं को सैनिटाइज किया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए रोजाना नियमित अंतराल में कक्षाओं को सैनिटाइज किया जाएगा। विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद ही विद्यार्थियों को कक्षाओं में जाने की अनुमति प्रदान की जाएगी। गौरतलब है कि जिले में कुल्लू समेत हरिपुर, बंजार, सैंज और आनी में राजकीय महाविद्यालय हैं। इनमें करीब नौ हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। महाविद्यालय कुल्लू में अकेले ही 5779 विद्यार्थी शिक्षा ले रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की मेजर विषय की ऑफलाइन तथा माइनर विषयों की ऑनलाइन कक्षाएं लगाने की योजना तैयार की है। मेजर विषय की नियमित कक्षाएं लगाने के लिए ही विद्यार्थी महाविद्यालय में आएंगे। जिन माइनर विषयों में विद्यार्थियों की संख्या कम है, उनकी भी ऑफलाइन कक्षाएं ही लगेंगी। इस संबंध में महाविद्यालय कुल्लू के प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने कहा कि कुल्लू में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है। ऐसे में कोविड नियमों का पालन कर पाना संभव नहीं है। इसके लिए शिक्षकों के साथ बैठक कर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से विद्यार्थियों को पढ़ाने की योजना बनाई है।