संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग सभी तरह की तैयारियां कर रहा है। जिला कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में अब उपचार संबंधी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मरीजों को अब उपचार करवाने के लिए 40 किलोमीटर दूर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू नहीं आना पड़ेगा।
नागरिक अस्पताल मनाली को जल्द ही नया भवन मिलेगा। इस भवन के निर्माण कार्य में हाल ही में तेजी लाई गई है। इस भवन में प्रशासनिक कार्यालय के अलावा मरीजों को भर्ती करने के लिए 100 बिस्तरों की व्यवस्था भी रहेगी। एक मिनट में 500 लीटर उत्पादन वाला ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके चलते मरीजों को पाइप लाइन के माध्यम से बिस्तर पर ही ऑक्सीजन मुहैया करवाई जाएगी। उल्लेखनीय है की पर्यटन नगरी मनाली में स्थित नागरिक अस्पताल में मरीजों को उपचार संबंधी सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। मरीजों को भर्ती करने के लिए नए भवन का निर्माण किया जा रहा है। कोरोना से स्थिति बिगड़ने पर मरीजों को ऑक्सीजन संबंधी परेशानी से न जूझना पड़े, इसके लिए ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है। उधर, इस संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ने कहा कि नागरिक अस्पताल में अब मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी। आगामी जुलाई माह तक भवन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। ऑक्सीजन प्लांट भी जल्द शुरू कर दिया जाएगा। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जिला कुल्लू में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का प्रयास जारी है।