केलांग (लाहौल-स्पीति)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से लाहौल घाटी में 36 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पांच पुलों का शिलान्यास किया। ये सभी पुल प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत तैयार किए जाएंगे, जो पर्यटन, कृषि और बागवानी के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे। इन पुलों में चोखंग नाले पर 35 मीटर लंबा सिंगल स्पेन इंटरमीडिएट लेन स्टील ट्रस ब्रिज, किशोरी नाले पर 22 मीटर लंबा पुल, मूरिंग नाले पर पुल, तेलिंग नाले पर 76 मीटर लंबा पुल और चिनाब नदी पर 49 मीटर लंबा पुल शामिल है। सभी पुल आरसीसी और स्टील से बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पुल किसी भी क्षेत्र की विकास यात्रा की रीढ़ होते हैं। इनके बनने से जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी में विकास की रफ्तार और तेज होगी। यह परियोजना न केवल यातायात सुगम बनाएगी बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यटन गतिविधियों को भी गति देगी। इस दौरान केलांग में कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक अनुराधा राणा, उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना, एसडीएम आकांक्षा शर्मा, सहायक आयुक्त कल्याणी गुप्ता, लोक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता पवन राणा आदि मौजूद रहे।