सूत्रधार कला संगम कुल्लू की ओर से डांसिंग डैफोडिल्स सीजन-12 में प्रस्तुति देतीं प्रशिक्षु।
कुल्लू। सूत्रधार कला संगम संस्था कुल्लू ने डांसिंग डैफोडिल्स सीजन-12 का ग्रैंड फिनाले सोमवार को मनाया। इसमें जिले के बच्चों ने हिप-हॉप, बॉलीवुड, सालसा और फ्री स्टाइल में प्रदर्शन कर धमाल मचाया।
ग्रैंड फिनाले से पूर्व संस्था ने चार से 16 साल तक के बच्चों को विभिन्न नृत्य कलाएं सिखाईं। इसके बाद ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी विजय सेन मुख्यातिथि जबकि सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र जंबाल विशेष अतिथि रहे। संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन ने अतिथियों का स्वागत किया।
इसके बाद प्रशिक्षु बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर दर्शक दीर्घा में बैठे दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडित विद्या सागर के सानिध्य में चल रही सूत्रधार संगीत अकादमी के प्रशिक्षुओं ने भी अपनी प्रतिभा का मंचन किया। प्रशिक्षु विभूति, कनिका, दिव्यांगना, अनुष्का, वंशिका, रिया, विजय, करिश्मा, गौरी, धनवंती, संजय कुमार और जीवन बुडाल ने संगीतमयी प्रस्तुतियों से सभागार को सराबोर कर दिया। संवाद