कुल्लू। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र दौरे के दौरान करीब 80 करोड़ की विकास योजनाओं के शिलान्यास-उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान 18 से अधिक योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं में 4.72 करोड़ की जोहल-जेष्ठा सड़क, 4.65 करोड़ की ज्वाली-टिंडा वाया बेयोगी सड़क, 7.11 करोड़ से तीर्थन खड्ड पर 36 मीटर लम्बे पुल, 6.19 करोड़ रुपये की लागत से सैंज खड्ड पर 28 मीटर सिंगल स्पेन स्टील ट्रस पुल, सैंज खड्ड पर 5.82 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 28 मीटर सिंगल स्पेन ट्रस पुल, 7.32 करोड़ रुपये की लागत के बंजार बाईपास सड़क व पुल की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा नदी किनारे कई संरक्षण कार्याें की भी आधारशिला रखी जाएगी।
इस दौरान क्षेत्र के टिंडा शरण में जल शक्ति विभाग की 2.79 करोड़ रुपये की स्कीम का उद्घाटन के साथ डोड़नीआगे भटग्रां में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 2.16 करोड़ की योजना का भी शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत 2.06 करोड़ की योजना का उद्घाटन व बस स्टैंड के साथ 2.79 करोड़ की लागत की बहुमंजिला पार्किंग का लोकार्पण करेंगे।
हालांकि इससे पहले मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम सात मई को प्रस्तावित था परंतु भारत-पाकिस्तान के बीच पैदा हुए युद्ध जैसे हालात के चलते उनका यह दौरा रद्द हो गया था जिसके चलते अब हालात सामान्य होने के बाद बुधवार यानी 28 मई को प्रस्तावित किया गया है।
यह होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री बंजार विधानसभा क्षेत्र के ग्रेट हिमालयन नेचर पार्क देहुरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री शरची में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में शरची, शिल्ही, तुंग, नोहांडा, पेखडी और कढ़ीधार को शामिल किया गया है। इस आयोजन के लिए प्रशासनिक अमला शरची गांव पहुंच चुका है जो आयोजन की तैयारियों की व्यवस्था कर रहा है।