कुल्लू। पुलिस ने उपमंडल बंजार के तहत आने वाले बठाहड़ चौक में एक कार में सवार बिलासपुर जिले के दो युवकों से 1.107 किलो चरस पकड़ी है। दोनों आरोपी मंगलवार रात को चरस की खेप लेकर जा रहे थे। इस बीच पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। इसके अलावा एक अन्य मामले में आनी में व्यक्ति से तीन ग्राम चिट्टा भी पकड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को पुलिस की टीम बठाहड़ चौक पर नाका लगाकर बैठी थी। इस दौरान पुलिस ने सामने से एक कार को आते हुए देखा तो उसे तलाशी के लिए रोका। कार में दो युवक सवार थे, जो पुलिस को देखकर घबरा गए। पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो यह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद कार की तलाशी ली गई। कार सवारों से चरस पकड़ी गई। आरोपियों की पहचान चालक अक्षय कुमार निवासी जमथली घाट, डाकघर हवाण, तहसील व थाना घुमारवीं, बिलासपुर और रविंद्र कुमार निवासी कूह, डाकघर मझाबहड़, तहसील व थाना घुमारवीं, बिलासपुर के रूप में हुई है। उधर, पुलिस ने आनी में हरि सिंह निवासी शाहनी, डाकघर तांदी, तहसील आनी, जिला कुल्लू से भी तीन ग्राम चिट्टा पकड़ा। पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।