कुल्लू में सेऊबाग के समीप नदी में उतरे पर्यटकों ने पुलिस के काटे चालान।-संवाद
पुलिस ने की कार्रवाई, सैलानियों से नदी-नालों की ओर न जाने की अपील
दो सप्ताह में तीन हादसों में पांच पर्यटकों ने खोई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। ब्यास और अन्य नदी-नालों में जान जोखिम में डालकर मस्ती करने वाले पर्यटकों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अब पानी में उतरने वालों का चालान कर रही है। कुल्लू में पुलिस टीम जगह-जगह गश्त कर रही है। पुलिस ने कुछ पर्यटकों के चालान भी किए हैं। इसके साथ ही पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है।
मनाही के बावजूद पर्यटक अपनी जान जोखिम में डालकर नदी-नालों में उतर रहे हैं। कुछ पर्यटक तो अपनी गाड़ियों को भी नदी किनारे ले जा रहे हैं। पुलिस ने ऐसे पर्यटकों के चालान किए हैं, जिन्होंने अपनी गाड़ियां नदी किनारे पहुंचा दी थीं। जिले में दो सप्ताह पहले पर्यटकों के साथ तीन हादसे पेश आए थे। इसमें पांच पर्यटकों की मौत हो गई थी।
सभी फोटो और सेल्फी लेने के चक्कर में नदी के प्रवाह में बह गए। पुलिस पर्यटकों के साथ इस तरह के हादसे पेश न आएं, इसके लिए सख्ती कर रही है। जिला प्रशासन की ओर से भी नदी-नालों में जाने के रोकने के आदेश जारी किए गए हैं। नदी-नालों के पानी में उतरने पर 5000 रुपये जुर्माना और आठ दिन की कैद दोनों हो सकती हैं।
कार्यकारी पुलिस अधीक्षक खुशहाल चंद ठाकुर ने कुल्लू-मनाली में आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी-नालों के समीप न जाएं। पुलिस पर्यटकों काे जागरूक करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करेगी। संवाद