72 घंटों में उल्टी-दस्त के 20 से अधिक मरीज पहुंचे तेगूबेहड़ अस्पताल
परगाणू, शुरढ़, शाढ़ाबाई के लोग परेशान, पानी के सैंपल भरने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। जिले के तीन गांवों में उल्टी दस्त ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भुंतर तहसील में आने वाले तेगूबेहड़ अस्पताल में डायरिया के मरीज बढ़ने लगे हैं। मरीजों को दवाइयां देकर वापस भेजा जा रहा है।
पिछले 72 घंटों में तीन गांवों के ही 20 से अधिक मरीज उल्टी दस्त की शिकायत लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे। परगाणू, शुरढ़ और शाढ़ाबाई गांवों से ये सभी मरीज संबंध रखने वाले हैं। इन मरीजों में से दो-चार को तो अस्पताल में दाखिल करना पड़ा है। ऐसे में यहां के लोग अब चिंतित हो गए हैं। ग्रामीणों ने एहतियात के तौर पर पानी के नमूने लेकर रखे हैं। इन गांवों के लिए उठाऊ पेयजल योजना का पानी उपलब्ध करवाया जाता है। आखिरकार लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत क्यों आ रही हैं, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
ग्रामीण लाल चंद, शीतल, सुषमा, अक्षिता, सूर्यांश, रूमकणी, जाहनवी, पूजा, रीता, तारा, महेंद्र, सुमित्रा, दीप, जग्गू आदि ने कहा कि तीन गांवों में लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ रहे हैं। बीमार होने के बाद उन्हें तेगूबेहड़ अस्पताल में जाकर उपचार करवाना पड़ रहा है। ग्रामीण ने कहा कि पानी के सैंपल भरे जाएं। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
....
डायरिया के मरीजों को दवाइयां दी जा रही हैं। दाखिल होने वाले मरीजों का उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को गर्मी के मौसम में साफ पानी पीने की सलाह दी गई है।
-डॉ. नीलम, बीएमओ जरी स्वास्थ्य विभाग