15,000 फुट ऊंचे कुंजम दर्रा होकर काजा पहुंचेगी सरकारी बस
कुल्लू-मनाली से जुड़ेगी स्पीति घाटी, लोगों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। कुल्लू-मनाली-अटल टनल-ग्रांफू होकर काजा के लिए बस सेवा शुरू हो रही है। मंगलवार को बस का ट्रायल लिया जाएगा। यह बस समुद्रतल से करीब 15,000 फुट ऊंचे कुंजम दर्रा से गुजरेगी। बर्फ की वादियों से होकर बस का सफर भी रोमांच भरा होगा। एचआरटीसी मंगलवार को सड़क के निरीक्षण के साथ बस ट्रायल करने जा रहा है। ट्रायल सफल होने के बाद अगले दिन से बस सेवा को नियमित रूप से शुरू किया जाएगा।
सुबह 7:00 बजे निगम के अधिकारी सहित निरीक्षक टीम बस में सवार होंगे। सड़क का जायजा लेकर बस चलाई जाएगी। 31 अक्तूबर 2023 को इस रूट पर सरकारी बस को बंद कर दिया था। अब साढ़े सात माह बाद बस आरंभ करने की सूचना के बाद स्पीति वासियों में खुशी की लहर है। स्पीति के लोग अब सीधे कुल्लू-मनाली से जुड़ेंगे।
दो दिन पहले लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने भी इस रूट पर बस सेवा चलाने के निर्देश दिए हैं। निगम की क्षेत्रीय प्रबंधक राधा देवी ने बताया कि बीआरओ से हरी झंडी मिलने के बाद 18 जून को केलांग से एक बस ट्रायल के तौर पर काजा के लिए रवाना होगी। कहा कि यदि ट्रायल सफल रहा तो अगले दिन से नियमित बस से आरंभ होगी। संवाद