केलांग (लाहौल-स्पीति)। खराब मौसम के मद्देनजर एचआरटीसी प्रबंधन ने लाहौल घाटी में बस का संचालन फिलहाल रोक दिया है। सोमवार से केलांग-उदयपुर मार्ग पर एचआरटीसी की केलांग डिपो ने बस का संचालन किए जाने का निर्णय लिया था।
24 फरवरी को निगम के कर्मचारियों ने मनाली-केलांग-उदयपुर सड़क का निरीक्षण करने के बाद 27 फरवरी से केलांग-उदयपुर मार्ग पर बस संचालन का फैसला लिया था। सोमवार को केलांग-उदयपुर रूट पर जगह-जगह यात्री बस का इंतजार करते दिखे।
जब उन्हें मालूम हुआ कि मौसम के मद्देनजर निगम प्रबंधन ने फिलहाल केलांग- उदयपुर रूट पर बस का संचालन रोक दिया है तो लोगों ने रोष जताया।
मौसम विज्ञान केंद्र ने लाहौल-स्पीति सहित सूबे में 28 फरवरी से दो से तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। इसी के चलते निगम ने 27 फरवरी को केलांग-उदयपुर के बीच चलने वाली बसों का संचालन टाल दिया है। घाटी के लोगों का कहना है कि केलांग-उदयपुर सहित कई सड़कें बस संचालन के लिए ठीक हैं।
निगम के केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंचित शर्मा ने बताया कि मौसम को देखते हुए केलांग-उदयपुर सड़क पर बस का संचालन टाल दिया है। संवाद