परेशान लोग बोले- क्षतिग्रस्त सड़क अभी नहीं हो पाई है दुरुस्त
मजबूरी में टैक्सियों में किराया देकर करना पड़ रहा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। भुंतर से भ्रैंण रूट पर तीन महीने से एचआरटीसी की बस नहीं दौड़ रही है। भ्रैंण सड़क के जीरो पॉइंट से भ्रैंण तक सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। यह सड़क अभी बस सेवा के लिए दुरुस्त नहीं हो पाई है।
इसे छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है लेकिन बस सेवा का अभी तक ग्रामीणों को इंतजार है। ऐसे में ग्रामीणों को मजबूरी में टैक्सियों में सफर करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग सड़क को ठीक करने में जुटा है7 इसका कार्य धीमी गति से चल रहा है। इससे ग्रामीणों में रोष है।
गौर रहे कि पार्वती घाटी की छमाहण और शारनी-पीणी सड़क पर भी तीन महीने से बस सेवा बंद है। घाटीवासी गोपाल और दीप चंद ने कहा कि आपदा के बाद अधिकतर सड़कों पर एचआरटीसी की बस सेवाएं शुरू हो गई हैं लेकिन क्षेत्र के लोगों को अभी बस सेवा के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। पंचायत भ्रैंण के उपप्रधान शिव राम ने कहा कि बस सेवा जल्द शुरू की जाए।
भाजपा पार्वती मंडल अध्यक्ष एवं जिया पंचायत के प्रधान संजू पंडित ने कहा कि भ्रैंण रूट पर बस चलने से लोगों को सुविधा मिलती थी। तीन महीने से बस सेवा बंद है। उन्होंने कहा कि शारनी-पीणी, भुंतर-छमाहण सहित भ्रैंण रूट पर बस सेवा जल्द शुरू की जाए।