बीआरओ ने जाहलमा नाले में सोमवार को 120 फीट लंबा बैलीब्रिज को किया लांच। संवाद
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। सीमा सड़क संगठन की ओर से संसारी-किलाड़-थिरोट-तांदी मार्ग पर स्थित जाहलमा नाले में निर्माणाधीन 120 फीट लंबे बेली ब्रिज की सोमवार को सफलतापूर्वक लॉन्चिंग की गई। पुल के लॉन्च होने के साथ ही इसके निर्माण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है और जल्द ही इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही भी बहाल होने की उम्मीद है। बीआरओ अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण के दौरान कई तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को पुल पर स्टील प्लेटें बिछाने का कार्य शुरू होना था, लेकिन लॉन्चिंग से पहले इस्तेमाल की जा रही मशीन अचानक खराब हो गई, जिससे काम कुछ समय के लिए बाधित हुआ। इसके बाद बीआरओ ने दूसरी मशीन किराये पर मंगवाकर दोपहर तक पुल की सफल लॉन्चिंग की। रविवार को अवकाश होने के बावजूद संगठन के इंजीनियरों और कर्मचारियों ने देर रात तक कार्य जारी रखा। मौके पर जनरेटर लगाकर बिजली की व्यवस्था की गई और रात करीब 11 बजे तक निर्माण कार्य चलता रहा, ताकि पुल समय पर पूरा हो सके।
94 आरसीसी के ऑफिसर कमांडिंग मेजर पारस कोचर लगातार निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद पुल पर स्टील प्लेटें लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। अभी कुछ तकनीकी कार्य शेष हैं, लेकिन यदि मौसम और परिस्थितियां सही रहीं तो अगले दो दिनों के भीतर पुल पूरी तरह तैयार कर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।