विधायक सुरेंद्र शौरी के नेतृत्व में सरकार को भेजा ज्ञापन
अस्पताल, कॉलेज और सब्जी मंडी के लंबित कार्य जल्द पूरे करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। विधानसभा क्षेत्र बंजार की जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों में हो रही निरंतर अनदेखी के विरोध में भाजपा ने प्रदर्शन किया। विधायक सुरेंद्र शौरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की जर्जर एवं खस्ताहाल सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर बंद पड़े टारिंग कार्य, बंजार महाविद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पद, नागरिक अस्पताल बंजार के नए भवन का रुका निर्माण एवं अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं, सब्जी मंडी निर्माण कार्य के ठप होने सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर विरोध किया।
इस दौरान भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम बंजार के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा गया और उपरोक्त लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने की मांग की।
शौरी ने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने के बजाय उन्हें ठंडे बस्ते में डालने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-305 की बदहाल स्थिति से प्रतिदिन हजारों स्थानीय लोगों, पर्यटकों, किसानों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाओं की बदहाल स्थिति सरकार की विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
इससे पहले मंडल बंजार की बैठक हुई और बंजार विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान विकास स्थिति, जनहित से जुड़े लंबित कार्यों तथा सरकार की उदासीन कार्यशैली पर विस्तार से चर्चा की गई।