कुल्लू/मनाली। आंदोलन को लेकर किसानों की ओर से रखे गए भारत बंद का असर जिला कुल्लू में नहीं दिखा। सभी बाजारों में आम दिनों की तरह रौनक रही। पर्यटन नगरी मनाली में भी भारत बंद का कोई असर नहीं दिखा।
बाजार खुला रहा और पर्यटकों ने मालरोड में सैर का लुत्फ लिया। मनाली शहर के अलावा पर्यटन स्थलों में भी दुकानें खुली रहीं। शुक्रवार को मनाली के पर्यटन स्थलों में रौनक देखने को मिली। मालरोड में शाम के समय पर्यटकों की अधिक भीड़ देखने को मिली। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने बताया कि मनाली में बाजार खुला रहा।
कुल्लू शहर में भी कोई दुकान बंद नहीं थी। बाजार को बंद न रखने का निर्णय कुल्लू व्यापार मंडल ने पहले ही ले लिया था। बाजारों में रौनक रहने से दुकानों का कामकाज आम दिनों की तरह चलता रहा। पतलीकूहल, सैंज, नग्गर, कटराईं, मौहल, बंजार, आनी और निरमंड में भी दुकानें अपने तय समय पर खुलीं और बंद हुईं। व्यापार मंडल कुल्लू के अध्यक्ष मदन सूद ने कहा कि इस तरह के बंद से दुकानदारों का नुकसान होता है। अब दुकानदारों के साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। संवाद