कुल्लू। जिले के पांचों स्वास्थ्य खंडों में लोगों को आयुष्मान योजना के फायदे बताए जाएंगे। इसके लिए आयुष्मान भारत पखवाड़ा 30 सितंबर तक मनाया जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेए) के छह और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तीन साल पूरे होने पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
योजनाओं का लाभ उठाने की पात्र लोगों से अपील की जाएगी। यह बात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार ने शनिवार को कही। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत पखवाड़ा का उद्देश्य आम जनता को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के फायदे बताना है।
इसके स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न कार्यक्रमों की योजना बनाई है। इसमें आयुष्मान आपके द्वार, आयुष्मान चौपाल, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य जांच शिविर, आयुष्मान सभा और जिला स्तरीय सुविधा समारोह शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम जनता को योजनाओं के फायदे बताएगा। इसमें जिले के तीन-चार अस्पतालों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने आयुष्मान भारत में अच्छा प्रदर्शन किया है। संवाद