उपायुक्त किरण भड़ाना ने किया त्रिलोकीनाथ मंदिर का दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। त्रिलोकीनाथ का सौंदर्यीकरण लाहौल की निर्माण शैली के हिसाब से किया जाएगा जिससे मूल सांस्कृतिक पहचान बनी रहे। यह बात उपायुक्त किरण भड़ाना ने अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कही।
उपायुक्त एवं त्रिलोकीनाथ मंदिर की आयुक्त किरण ने शुक्रवार को त्रिलोकीनाथ मंदिर का दौरा किया। उन्होंने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उपायुक्त ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए बनाए गए प्राक्कलन और ड्राइंग की जानकारी ली। निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप और लाहौल की भवन शैली में ही किए जाएं। इस दौरान उप मंडलाधिकारी उदयपुर एवं मंदिर अध्यक्ष अलीशा चौहान, सहायक अभियंता (यांत्रिक) लोक निर्माण विभाग राजेंद्र, कनिष्ठ अभियंता गिरधारी लाल, मंदिर सहायक जय सिंह ठाकुर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।