बंजार (कुल्लू)। वर्ष 2025 की बरसात में बंद हुआ बंजार का बाईपास मार्ग दस माह बाद बहाल हो गया है। दमोठी से घेलीगाड़ सड़क के खुलने से वाहनों की आवाजाही के साथ बंजार में हाईवे-305 पर लगने वाले जाम से पर्यटकों और आम लोगों को राहत मिलेगी।
बरसात में बाईपास काे भारी नुकसान होने से बसों के साथ अन्य वाहनों की सेवा पूरी से बंद हो गई थी। इसमें एक बैली ब्रिज के साथ सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। बाईपास सड़क को वाहन योग्य बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग को डंगे लगाने और मलबा हटाने के लिए दस महीने का समय लग गया।
विभाग ने छोटे वाहनों के लिए बाईपास को बहाल कर दिया है लेकिन बाईपास अभी भी बस और बड़े वाहनों के लिए तैयार नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि अभी कुछ जगहों डंगे लगाने का काम बाकी है। स्थाानीय निवासी मोहर सिंह, जय नंद, लीला प्रकाश और मेहर चंद का कहना है कि लोक निर्माण विभाग की लेट लतीफी के कारण इस सड़क का काम अभी भी पूरा नहीं हो सका है।
बाहु और बलागाड़ पंचायत के लोगों को आगामी दिनों में भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस बाईपास सड़क से निगम की एक बस भी चलती थी, जो शाम को 4 बजे बंजार से लटीपरी, भरठीधार होकर तांदी के लिए जाती है। मगर 10 माह से यह सेवा ठप है। इससे स्कूल और काॅलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है।
उन्हें कई किलोमीटर पैदल चलकर पंहुचना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने सरकार को लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस सड़क को जल्द बस योग्य चलने के ठीक किया जाए ताकि आम लोगों के साथ स्कूल और काॅलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को राहत मिल सके।
उधर, लोक निर्माण विभाग बंजार के सहायक अभियंता राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि बाईपास मार्ग को छोटे वाहनों के लिए एक तरफा खोल दिया है। डंगे लगाने काम चला है जल्द ही बस के लिए सड़क बहाल होगी।