कुल्लू। जिले की सबसे बड़ी सब्जी मंडी बंदरोल दो दिन बंद रहेगी और इस दौरान किसान-बागवान अपने फल-सब्जी उत्पाद मंडी में नहीं बेच पाएंगे। यह निर्णय आढ़ती संगठन सब्जी मंडी बंदरोल ने लिया है। उन्होंने 15 और 16 अगस्त को सब्जी मंडी बंद का ऐलान किया। इस संदर्भ में संगठन ने बागवानों से आग्रह किया है कि दो दिन तक अपने फल और सब्जी उत्पाद का तुड़ान न करें। आढ़ती संगठन के अध्यक्ष बंसी ठाकुर ने बताया कि 15 अगस्त को सब्जी मंडी बंद करने का निर्णय लिया गया है जबकि शनिवार को हर बार सब्जी मंडी बंद रहती है ऐसे में 15 और 16 दो दिन सब्जी मंडी बंद रहेगी। उन्होंने किसानों-बागवानों से अपील की है कि दो दिनों तक सब्जी मंडी में उत्पाद न लाएं।
गौरतलब है कि बंदरोल सब्जी मंडी जिला की सबसे बड़ी सब्जी मंडी है और यहां सबसे अधिक कारोबार होता है। यहां तक कुल्लू-मनाली के अलावा बंजार, आनी के किसान-बागवान भी यहां अपने उत्पाद बेचने के लिए लाते हैं। इस कारण यहां की सब्जी मंडी की अहमियत किसानों बागवानों के लिए ज्यादा है।