कुल्लू। जिला मुख्यालय में वीरवार को जिला क्रीड़ा परिषद कुल्लू की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला क्रीड़ा परिषद कुल्लू की अध्यक्ष तोरुल एस रवीश ने की। इस दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। जिला खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने बताया कि परिसर में सीसीटीवी कैमरा तथा पीने के पानी के फिल्टर की व्यवस्था कर दी गई है।
बैठक में बैडमिंटन परिसर में बैडमिंटन प्रशिक्षक से विभाग की ओर से ली जाने वाली राशि को 5,000 से बढ़ाकर 8000 करने तथा बैडमिंटन परिसर में सदस्यों का वार्षिक शुल्क 8,000 से बढ़ाकर 9,500 रुपये करने को मंजूरी प्रदान की। अर्धवार्षिक शुल्क 5000 रुपये तय किया गया है।
इसके अतिरिक्त ढालपुर खेल परिसर में रात्रि के समय उपयोग में लाई जाने वाली फ्लड लाइट के शुल्क 1,000 रुपये प्रति घंटा की दर से तय किया गया। उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने कहा कि महीने में एक दिन श्रमदान कर ढालपुर मैदान की सफाई करना भी सुनिश्चित करें।
जिले में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को तराशने के लिए खेल विभाग के प्रशिक्षकों, विभिन्न खेल संघ तथा खेल अकादमियों एवं खिलाड़ियों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं संस्थानों में भेजने और प्रशिक्षण प्रदान करने के सुझाव पर विभिन्न क्रीड़ा संघ भी अपना योगदान दें। ढालपुर खेल परिसर के रखरखाव एवं प्रबंधन के लिए कमेटी का गठन करने के भी निर्देश दिए। सहायक आयुक्त की देखरेख में कमेटी खेल परिसर की सफाई व्यवस्था, उचित रखरखाव एवं दशहरा उत्सव के समय हटाई जाने वाली रेलिंग आदि कार्य सुनिश्चित करेगी। इस दौरान सहायक आयुक्त शशि पाल नेगी, क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दानवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद