संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय में दस दिवसीय कुल्लू कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। कार्निवाल में सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन अटल सदन में किया जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने आए दर्शकों के लिए मंगलवार शाम को ऑडिटोरियम छोटा पड़ गया। दर्जनों दर्शकों को दो से तीन घंटे तक खड़ा रहना पड़ा। सैकड़ों दर्शकों को जगह न मिलने के कारण लौटना पड़ा। कई दर्शकों को रथ मैदान में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम देखना पड़ा। हालांकि 25 करोड़ से बने अटल सदन में करीब 700 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। इसके बावजूद यह दर्शकों के लिए कम पड़ गया। कार्निवाल की दूसरी और अटल सदन में आयोजित पहली सांस्कृतिक संध्या में ऑडिटोरियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा।
गौरतलब है कि सांस्कृतिक संध्या का लुत्फ उठाने आए सैकड़ों दर्शकों के हाथ निराशा लगी। उन्हें ऑडिटोरियम में प्रवेश न मिलने के कारण लौटना पड़ा। इसके अलावा ऑडिटोरियम में अधिक कुर्सियां लगी होने के कारण उपस्थित दर्शक भी कलाकारों के गीतों पर थिरक नहीं पाए। ऐसे में दर्शकों में निराशा का माहौल बना हुआ है। सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने आए अमित, राहुुल, सुमन, रितिका, सोनिका, शिवानी, रेखा ने कहा कि पहली संध्या की तरह ही खुले पंडाल में कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए थे, इससे सभी दर्शक कार्यक्रमों का आनंद ले पाते है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक लाल चंद्र प्रार्थी कलाकेंद्र में सांस्कृतिक संध्याओं का करवाया जा सकता था, वहां दर्शकों को बैठने और थिरकने के लिए पर्याप्त जगह है।